दंतेवाड़ा (ट्रैक सिटी)/ कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा के मार्गदर्शन मे 08 सितम्बर 2025 जिला जेल में परिरुद्ध बंदियों हेतु अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस का आयोजन किया गया था। भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालय के निर्देशानुसार सभी के लिए शिक्षा पर केन्द्रित योजना उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप यह आयोजन किया जाना इसका प्रमुख उद्देश्य रहा।
08 सितम्बर 2025 अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों में जिला परियोजना अधिकारी, जिला लोक शिक्षा समिति डॉ. रत्नबाला मोहंती, शिक्षाविद दादा जोकाल उर्फ सिकंदर खान, जनसंपर्क कार्यालय, सुश्री रेणुका सिंह द्वारा अपने संबोधन में जेल में परिरुद्ध बंदियों को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के महत्व के बारे में अवगत कराते हुए विस्तार से बताया कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तरीय साक्षरता कार्यक्रम जिला जेल में किया गया है। जीवन में आगे बढने के लिये शिक्षा का महत्वपूर्ण स्थान है। शिक्षित होकर ही हम अपने परिवार, समाज एवं देश को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री अलोईस कुजूर द्वारा बताया कि आमतौर पर जेल में नये परिरुद्ध होने वाले लगभग 70 से 80 प्रतिशत बंदी निरक्षर रहते हैं। अतः जेल में विगत कई वर्षों से निरक्षर बंदियों कों साक्षर किये जाने हेतु साक्षरता की कक्षा तथा डिजिटली रूप से भी साक्षर करने हेतु प्रारंभिक कंप्यूटर शिक्षा से आरंभ किया गया। अतिथियों द्वारा जेल प्रशासन द्वारा बंदियों के शिक्षा हेतु किये जा रहे प्रयास को सराहा गया। इस मौके पर बंदियों को साक्षर करने हेतु चलाये साक्षरता कार्यक्रम में सहयोग करने वाले बंदियों (स्वयंसेवी शिक्षक) सुदराम कड़ती, शशी कुमार, विनोद कोरसा, जितेन्द्र को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला जेल एवं साक्षरता विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

