गरियाबंद (ट्रैक सिटी) कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में आयुष्मान कार्ड पंजीयन से छूटे हुए लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए जिले में प्रत्येक गुरुवार को विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में आज भी आयुष्मान कार्ड पंजीयन महाअभियान का आयोजन किया गया। महाअभियान के तहत आज शाम 7 बजे तक एक ही दिन में 17 हजार से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड पंजीयन किया गया। जिले में आयुष्मान कार्ड पंजीयन के लिए मिले कुल लक्ष्य का 80 प्रतिशत लक्ष्य अभी तक प्राप्त किया जा चुका है। जिले में 5 लाख 17 हजार से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है। कलेक्टर श्री छिकारा ने आयुष्मान कार्ड महाअभियान के तहत लगाए गए विशेष शिविरों का आज निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम दर्रीपारा, कोसमी द, आमदी द और कोड़ोहरदी में जाकर आयुष्मान कार्ड पंजीयन के कार्यों का जायजा लिया। साथ ही पंजीयनकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान पंजीयन से छूटे हुए लोगों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश अधिकारी कर्मचारियों को दिए।
इस महाअभियान के तहत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य केन्द्र, ग्राम पंचायत, च्वाईस सेंटर एवं सामुदायिक भवनों में भी शिविर लगाये गये। साथ ही विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई थी। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने अधिकारियों को शिविर स्थलों का निरंतर निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी लेने के निर्देश दिये थे। लोगों के आयुष्मान कार्ड बनने से लोगों को निःशुल्क ईलाज में मदद मिलेगी।

