कोरबा

आरटीओ कार्यालय के सामने संचालित दुकानों, ठेलों को यथावत रखा जाए या हटाने से पूर्व उनके विस्थापन की व्यवस्था की जाए – महापौर

संबंधित दुकानदारों ने निगम कार्यालय साकेत भवन पहुंचकर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत से की भेंट, दिया आवेदन पत्र, महापौर ने उन्हें किया आश्वस्त।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ महापौर संजूदेवी राजपूत ने आरटीओ कार्यालय के सामने संचालित दुकानों, ठेलों को यथावत रखने या उन्हें हटाने से पूर्व उनके विस्थापन की व्यवस्था किये जाने की कार्यवाही के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। महापौर संजू देवी राजपूत से निगम कार्यालय में भेंट कर संबंधित व्यवसायियों ने उन्हें अपना आवेदन पत्र दिया तथा उन्हें स्थल से न हटाने का आग्रह किया, जिस पर महापौर संजू देवी राजपूत ने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि उन्हें यथावत रखा जाएगा, अथवा हटाने से पूर्व उनके व्यवस्थापन की व्यवस्था की जायेगी।

आरटीओ कार्यालय के सामने बनी दुकानों, ठेलों के संचालकों ने अपना आवेदन पत्र महापौर संजूदेवी राजपूत को प्रस्तुत कर आग्रह किया है कि हम सब विगत 12-13 वर्षो से आरटीओ कार्यालय कोरबा के समीप ठेला व दुकान के माध्यम से लोगों की सुविधा हेतु आनलाईन वाहनों का इंश्योरेंस आदि का कार्य अपने-अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं तथा हमारे द्वारा आनलाईन कार्य करने से लोगों को अनेक प्रकार की सुविधा भी मिल रही है। उन्होने अपने आवेदन पत्र में बताया कि हमें उक्त ठेला दुकानों को हटाने का नोटिस मिला है तथा 03 दिन के अंदर हटाने को कहा गया है, किन्तु यदि हमें उक्त स्थान से ठेला, दुकान हटा दिया जाता है तो हमारे परिवार के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो जायेगा, आर्थिक स्थिति पर बुरा प्रभाव पडे़गा तथा हम सभी दुकानदार बेरोजगार हो जायेंगे, उन्होने आग्रह किया कि हमारी दुकानों, ठेलों को स्थल से न हटाया जाए। महापौर संजू देवी राजपूत ने संबंधित दुकानदारों की बातों को ध्यान से सुना तथा कहा कि चूंकि वहॉं पर लगभग इन ठेलों, दुकानों के माध्यम से 25 परिवार के 100 से ज्यादा लोगों का जीवन यापन हो रहा है, और चूंकि वे विगत 12-13 वर्षो से वहॉं अपना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं, अतः उन्हें वहॉं पर यथावत रखा जाए तथा यदि हटाना अत्यंत आवश्यक है तो हटाने से पूर्व उनके व्यवस्थापन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, महापौर संजू देवी राजपूत ने इन ठेला, दुकान संचालकों को आश्वस्त किया कि उनके साथ न्याय किया जाए। इस अवसर पर पार्षद अब्दुल रहमान भी उपस्थित थे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button