कोरबा

कोरबा जिले में रेत आपूर्ति सुचारू, अवैध उत्खनन पर कड़ी निगरानी-प्रशासन की सतत कार्रवाई जारी।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ संपूर्ण कोरबा जिले में कुल 20 रेत खदान स्वीकृत हैं तथा 03 नई रेत खदानें ई-नीलामी के माध्यम से आबंटित की गई हैं। जिले में कुल 15 अस्थायी रेत भंडारण अनुज्ञा स्वीकृत हैं। स्वीकृत खदानों एवं भंडारण क्षेत्रों से रामपुर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिले में रेत की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में की जा रही है।

विधानसभा रामपुर क्षेत्र में कुल 12 रेत खदान स्वीकृत हैं तथा 02 नवीन रेत खदानों-तरईमार एवं कछार (चोरभठ्ठी) को ई-नीलामी के माध्यम से आबंटित किया गया है, जिनकी स्वीकृति की प्रक्रिया प्रचलन में है। इसी प्रकार रामपुर क्षेत्र में रेत के 08 अस्थायी भंडारण अनुज्ञापत्र स्वीकृत हैं।

प्रशासन द्वारा खनिजों के अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। जिले में अब तक खनिजों के अवैध परिवहन के 264, अवैध उत्खनन के 21 तथा अवैध भंडारण के 10 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन प्रकरणों में कुल ₹73,73,012 की राशि समझौता शुल्क के रूप में वसूल की गई है।

जिले में गठित टास्क फोर्स समिति-खनिज, वन, पुलिस, परिवहन एवं राजस्व विभाग-द्वारा विधानसभा रामपुर क्षेत्र के उरगा, कुदुरमाल, बरपाली, करतला, नोनबिर्रा एवं अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ पूरे जिले में लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। समिति द्वारा रेत, कोयला, मुरूम/मिट्टी, गिट्टी एवं अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

जिले में रेत की आपूर्ति के लिए पर्याप्त स्वीकृत खदान उपलब्ध हैं तथा अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए निरंतर गश्त एवं कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन आम नागरिकों से अपील करता है कि किसी भी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को प्रदान करें।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button