कोरबा (ट्रैक सिटी) शहर के सबसे व्यस्ततम मार्गों में से एक पुराने बस स्टैंड में शराब दुकान को हटाने का मुद्दा गरमा गया हैं । मध्य नगरी व्यापारी संघ कोरबा द्वारा कलेक्टर को पत्र लिखा गया हैं । पत्र में उन्होंने शराब दुकान के स्थान परिवर्तन की मांग की हैं । व्यापारियों का कहना है कि शराब दुकान के संचालन से वहां पर सामाजिक तत्वों का डेरा लगा रहता है जहां दिन-रात लोग शराब के नशे में गाली-गलौज, मारपीट, सड़क से गुजरने वाली युवतियों-महिलाओं से छींटाकशी करते हैं जिनसे उनका आवागमन मुश्किल हो गया है। नियमों के अनुसार स्कूल,कॉलेज,अस्पताल व मंदिर के पास शराब की दुकान नहीं हो सकती लेकिन वर्तमान में जिस स्थान पर शराब दुकान स्थित है वहां मंदिर और शासकीय अस्पताल की मौजूदगी हैं। व्यवसाईयों का कहना है कि यह क्षेत्र नगर का सबसे व्यस्ततम इलाका है.
जहां मुख्य चौराहा और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान मौजूद है। विशेष रूप से इस मार्ग पर महिलाओं से जुड़ी दुकान जैसे जनरल स्टोर चूड़ी बाजार और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान स्थित है जहां महिलाओं की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन शराब दुकान के चलते यहां शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है जिससे महिलाओं का आना-जाना प्रभावित हुआ है। दुकानदारों को कहना है कि यदि शराब दुकान को महिला बाजार क्षेत्र से स्थानांतरित नही किया जाता है तो उनका व्यवसाय पूरी तरह से चौपट हो जाएगा। शराबियों के उत्पात से पहले ही ग्राहकों की संख्या में कमी आ रही है। खुलेआम गाली-गलौच, झगड़ों के चलते स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भारी असुविधा हो रही हैं।

