कोरबा

गंभीर सड़क हादसे में घायल युवक को मिला नया जीवन, एनकेएच में सफल ब्रेन सर्जरी।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा एनकेएच सुपर-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में चिकित्सकों की टीम ने एक गंभीर सड़क दुर्घटना में घायल युवक का जटिल ब्रेन ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर उसे नया जीवन दिया। करीब 40 दिन तक चले इलाज और गहन निगरानी के बाद अब युवक पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट चुका है।

जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय ऋषि कुमार 16 जनवरी की शाम कसनिया ओवरब्रिज के पास सड़क हादसे का शिकार हो गया था। दोपहिया वाहन से जा रहे युवक की ट्रैक्टर से टक्कर हो गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद वह अचेत अवस्था में था और उसे उल्टी तथा कान-नाक से रक्तस्राव की शिकायत थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे एनकेएच अस्पताल रेफर किया गया।

अस्पताल पहुंचने पर जांच में युवक के मस्तिष्क में गंभीर चोटें पाई गईं । स्थिति अत्यंत नाजुक होने पर न्यूरोसर्जन डॉ. शिवानी के नेतृत्व में 17 जनवरी को आपातकालीन डिकम्प्रेसिव क्रेनियोटॉमी सर्जरी की गई। ऑपरेशन के दौरान मस्तिष्क में जमा लगभग 50 सीसी रक्त निकाला गया और फ्रैक्चर का उपचार किया गया। सर्जरी में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. रोहित मजूमदार एवं उनकी टीम ने सहयोग किया।

ऑपरेशन के बाद मरीज को आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। उपचार के दौरान सांस लेने में दिक्कत होने पर ट्रेकियोस्टॉमी भी करनी पड़ी। लगभग 40 दिन तक गहन उपचार और निरंतर निगरानी के बाद युवक की स्थिति में सुधार हुआ और उसे वार्ड में शिफ्ट किया गया। बाद में पूरी तरह स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। परिजनों ने बताया कि एक समय उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की लगातार मेहनत और देखभाल से युवक की जान बच सकी। स्वस्थ होकर घर लौटने पर परिवार ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button