कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा में जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने ग्राम रक्षा दल की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना पसान थाना क्षेत्र के ग्राम सेन्हा छापरपारा की है। दरअसल, 2 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे बैसाखू राम यादव महुआ बीनकर घर लौटा तो उसने अपने छोटे बेटे दयाराम यादव को सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पाया। दयाराम के सिर और शरीर के कई हिस्सों से खून बह रहा था।
बैसाखू ने अपनी बहू रामवती से पूछताछ की, जिससे पता चला कि उनके बड़े बेटे कल्याण यादव (33) ने जमीन बंटवारे के विवाद पर दयाराम की लाठी से पिटाई की और गला घोंटने का प्रयास किया था। कल्याण दयाराम को मृत समझकर मौके से फरार हो गया था। बैसाखू अपने बेटे को इलाज के लिए गैरिला स्थित अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की जानकारी मिलते ही पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और कटघोरा एएसपी नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन आरोपी फरार था।
घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच शुरू की गई, लेकिन आरोपी फरार था। आरोपी की तलाश में पुलिस ने ग्राम रक्षा दल के व्हाट्सएप ग्रुप की मदद ली। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी साहदामर के पास देखा गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कल्याण यादव ने जमीन बंटवारे के विवाद में हत्या करने की बात स्वीकार की। पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

