मुंगेली,28 अक्टूबर (ट्रैक सिटी) जिले के सभी मतदान केन्द्रों में आधारभूत सुविधाएं प्रदान करने तथा चुनाव संबंधी सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल देव ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में सेक्टर अधिकारियों एवं चुनाव अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर श्री देव ने सभी सेक्टर अधिकारियों को मतदान केन्द्रों का दौरा कर कमियों को संज्ञान में लाने की बात कही, ताकि चुनाव के पहले आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों में दिव्यांगों एवं बुजुर्गों के लिए रैम्प सुविधाएं, व्हील चेयर आदि मिलनी चाहिए, संबंधित अधिकारी इसकी तैयारी सुनिश्चित कर लें। उन्होंने दीवार लेखन तथा मतदान केन्द्रों की पहचान के लिए विवरण तथा अन्य प्रविष्टियां दर्ज करने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए। बता दें कि प्रत्येक मतदान केन्द्र परिसर में मतदाताओं की सुविधा के लिए दीवार पर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एवं नाम, मतदान केन्द्र क्रमांक एवं नाम, मतदान केन्द्र में सम्मिलित क्षेत्र, मतदान तिथि, मतदान का समय, कुल मतदाताओं की संख्या आदि का विवरण अंकित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री देव ने मतदान दलों के मतदान केन्द्रों तक सुगम आवागमन के लिए सड़कों के मरम्मत समय-सीमा में कराने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं के प्रलोभन संबंधी शिकायतों को भी नियंत्रित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिले के चिन्हांकित मतदान केन्द्रों में वेबकास्टिंग की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने तथा मतदाताओं की शतप्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी पूरी तत्परता, लगन एवं मेहनत से कार्य कर रहे हैं, उन्होंने अधिकारियों को आगे भी इसी तरह कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मेनका प्रधान, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

