महासमुंद (ट्रैक सिटी)/ छत्तीसगढ़ के महासमुंद पुलिस को अवैध नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और बसना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में गुजरात के दो आरोपियों से 22 किलो 890 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 11 लाख 44 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने उनके पास से एक ईको कार, मोबाइल फोन समेत कुल 18 लाख 54 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है। वहीं दूसरी कार्रवाई में महाराष्ट्र के नागपुर से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी पहले बसना में XUV कार छोड़कर फरार हो गए थे, जिसमें 23 किलो 730 ग्राम गांजा मिला था। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को नागपुर से दबोचा है, जबकि इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

