Korba

नगर निगम क्षेत्र में सुशासन तिहार मनाएगी सरकार

लोगों की अर्जी का एक माह में समाधान करने रहेगा दारोमदार

कोरबा (ट्रैक सिटी) नगर पालिक निगम कोरबा में शासन के निर्देश पर सुशासन तिहार मनाया जाएगा। आमजन 8 अप्रैल से अपनी समस्याओं पर आधारित आवेदन दे सकते हैं। उनकी फरियाद का आंकलन परीक्षण पूर्ण कर एक माह के भीतर समाधान करना होगा। कोरबा जिला नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय द्वारा नगर पालिक निगम कोरबा के अधिकारी, कर्मचारियों को नोडल व सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें सफल आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिशा-निर्देश अनुसार प्रदेशभर में “सुशासन तिहार 2025” मनाया जाएगा। इस संबंध में 4 अप्रैल को जारी एक पत्र में बताया गया है कि इस आयोजन का उ‌द्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा विकास कार्यों में गति लाना है। सुशासन तिहार के जरिए आम जनता, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करने का भी उद्देश्य रखा गया है।
“सुशासन तिहार 2025” का आयोजन तीन चरणों में होगा। पहले चरण में 8 अप्रैल से 11 अप्रैल 2025 तक आम जनता से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। दूसरे चरण में लगभग 1 माह के भीतर प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। तीसरे एवं अंतिम चरण में 5 मई से 31 मई 2025 के बीच समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
छ.ग. शासन द्वारा आयोजित “सुशासन तिहार 2025” के सफल आयोजन हेतु नगर पालिक निगम कोरबा के अधिकारी, कर्मचारियों को नोडल/सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया हैं।

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button