कोरबा

नशामुक्त पंचायत बनाने महिलाओं ने एसपी से की कार्रवाई की मांग।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत थाना दीपका क्षेत्र के आदिवासी बहुल्य ग्राम रंजना को नशामुक्त पंचायत बनाने के लिए ग्रामीण महिलाएं लगातार अभियान चला रही हैं। इसी कड़ी में ग्राम की महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कोरबा को आवेदन सौंपकर नशामुक्ति अभियान में सहयोग देने तथा अवैध शराब बनाने व बेचने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

महिलाओं ने अपने आवेदन में बताया कि सितंबर 2025 से ग्राम रंजना में महिलाओं और पुरुषों की आमसभा आयोजित कर नशे से होने वाले पारिवारिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों पर चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से नशामुक्त पंचायत बनाने का निर्णय लेते हुए नशामुक्ति अभियान समिति का गठन किया गया।

समिति की पदाधिकारी और सदस्य महिलाएं गांव के सभी पारा-मोहल्लों में फेरी लगाकर लगातार जागरूकता अभियान चला रही हैं। इसके परिणामस्वरूप गांव में अवैध रूप से शराब बनाने पर काफी हद तक रोक लगाई गई है। हालांकि, महिलाओं का आरोप है कि इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व चोरी-छिपे अवैध शराब का निर्माण और बिक्री कर रहे हैं।

आवेदन में विशेष रूप से शिवम जायसवाल पिता स्व. गणेश प्रसाद जायसवाल पर अवैध महुआ शराब, देशी व अंग्रेजी शराब लाकर घर से बेचने का आरोप लगाया गया है। महिलाओं ने बताया कि महिला सभा के माध्यम से संबंधित व्यक्ति को समझाइश भी दी जा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।

ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से नशामुक्त ग्राम पंचायत बनाने के लिए सहयोग देने तथा ऐसे असामाजिक व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन ग्राम की महिलाओं की ओर से लक्ष्मन व जमीता सहित अन्य आवेदकगणों द्वारा प्रस्तुत किया गया है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button