कोरबा

निर्माण कार्य के दौरान अचानक दीवार गिरने से मजदूर की दर्दनाक मौत।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरीपारा बस्ती में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां निर्माण कार्य के दौरान अचानक दीवार गिरने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पथरीपारा बस्ती में एक पुराने मकान को तोड़कर नया निर्माण किए जाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान पुराने मकान की दीवार तोड़ने का कार्य किया जा रहा था, जिसमें चार से पांच मजदूर लगे हुए थे। बताया गया कि दीवार काफी संकरी और कमजोर थी। तोड़ाई के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। इस दौरान एक मजदूर को संभलने या भागने का मौका नहीं मिला और वह दीवार के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अन्य मजदूर डर के कारण मौके से भाग खड़े हुए।

हादसे में मृत मजदूर की पहचान नरेश कुमार मीरी (40 वर्ष), निवासी बरपाली के रूप में हुई है। नरेश मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मृतक के छोटे भाई भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि नरेश रोज की तरह अपने साथियों के साथ काम पर गया था। काम के दौरान अचानक दीवार गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस द्वारा बारीकी से जांच की जा रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button