मुंगेली/कोरबा (ट्रैक सिटी) त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 अंतर्गत जिले में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक मतदान संपन्न होने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल देव और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने समस्त प्रशासनिक अधिकारियों, मतदान कर्मियों, सुरक्षा बलों एवं आम जनता का आभार व्यक्त किया है। कलेक्टर ने कहा कि जिले में मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई, जिसमें सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और मतदाताओं का योगदान सराहनीय रहा। उन्होंने विशेष रूप से मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कुशल प्रबंधन और कर्तव्यनिष्ठा के कारण निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संभव हो पाया।
कलेक्टर ने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे बिना किसी बाधा के मतदान प्रक्रिया संपन्न हो सकी। उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले नागरिकों की भी सराहना की और आगामी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में इसी प्रकार अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते रहने और जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने समस्त पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों, मतदान कर्मियों और आम जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और सुरक्षित चुनाव संपन्न कराने में जिले के पुलिस अधिकारियों और जवानों ने कड़ी मेहनत की है। उनकी मुस्तैदी और सतर्कता के कारण मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों, पुलिस बल, होमगार्ड और अन्य सुरक्षाकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समर्पित सेवा और जिम्मेदारी ने जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

