रायपुर

प्रदेश के पहले अंतरिक्ष केंद्र का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे भव्य शुभारंभ

 

रायपुर (ट्रैक सिटी) छत्तीसगढ़ के शैक्षिक और वैज्ञानिक क्षेत्र में एक नई अंतरिक्ष क्रांति की शुरुआत होने जा रही है। अंतरिक्ष यात्री पहली बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। जिला प्रशासन रायपुर एवं IDYM फाउंडेशन द्वारा, सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड के सहयोग से “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” का शुभारंभ किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत नवा रायपुर में प्रदेश के पहले अत्याधुनिक अंतरिक्ष केंद्र (Antariksh Centre) की स्थापना की जा रही है, जिसका लोकार्पण 03 फरवरी को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राखी, नवा रायपुर में सुबह 10:00 बजे किया जाएगा।

यह प्रोजेक्ट राज्य के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह तकनीक और आधुनिक स्पेस रिसर्च से सीधे जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। अंतरिक्ष केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल सैद्धांतिक ज्ञान मिलेगा, बल्कि वे उपग्रह निर्माण, परीक्षण और संचालन की वास्तविक प्रक्रिया को भी नजदीक से समझ सकेंगे।

इस ऐतिहासिक अवसर पर भारत के प्रतिष्ठित अंतरिक्ष यात्री, अशोक चक्र से सम्मानित एवं भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ टेस्ट पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। गगनयान मिशन के अग्रणी नायकों में शामिल ग्रुप कैप्टन शुक्ला “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” के ब्रांड एंबेसडर के रूप में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

अंतरिक्ष केंद्र का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होगा। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव तथा कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहब की विशेष उपस्थिति रहेगी।

नवा रायपुर में स्थापित यह अंतरिक्ष केंद्र अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें ISRO मानकों के अनुरूप स्पेस क्वालिफाइड क्लीन रूम, स्टूडेंट सैटेलाइट लेबोरेटरी तथा ग्राउंड स्टेशन एवं मिशन कंट्रोल सेंटर की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जहाँ विद्यार्थी स्वयं उपग्रह का डिज़ाइन, असेम्बली, परीक्षण तथा सिग्नल व डेटा डिकोडिंग का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।

“प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर वास्तविक वैज्ञानिक प्रयोगों से जोड़ना, राज्य में अनुसंधान एवं नवाचार की संस्कृति को सशक्त करना तथा छत्तीसगढ़ को भविष्य में स्पेस टेक्नोलॉजी और रिसर्च हब के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना है।

यह अंतरिक्ष केंद्र न केवल प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित कर उन्हें वैश्विक मंच तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button