कोरबा

बिजली कर्मियों के वेज रिवीजन पर बनेगी कमेटी-उत्पादन कंपनी में 601 नए पद स्वीकृत , 500 डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों पर जल्द जारी होगी भर्ती अधिसूचना।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ राज्य विद्युत कंपनी में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर निर्णायक पहल करते हुए वेज रिवीजन के लिए कमेटी गठन का निर्णय लिया गया है। साथ ही उत्पादन कंपनी में कुल 601 नए पदों की स्वीकृति दी गई है, जिन पर जल्द ही भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ होगी। यह जानकारी बीएमएस से संबद्ध छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ के ऑल इंडिया सेक्रेटरी एवं ऑल इंडिया विद्युत उत्पादन प्रभारी राधेश्याम जायसवाल ने दी।

बताया गया की स्वीकृत पदों में 500 डाटा एंट्री ऑपरेटर, 25 फायर सेफ्टी कर्मी, 10 चिकित्सक (पैरामेडिकल श्रेणी) तथा 66 मेडिकल स्टाफ शामिल हैं। आगे बताया गया है कि इन पदों की अधिसूचना कुछ ही दिनों में जारी कर दी जाएगी। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से उत्पादन इकाइयों में कार्यक्षमता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इससे पहले वितरण, उत्पादन और ट्रांसमिशन कंपनियों के लगभग 15 हजार नियमित कर्मचारियों के वेज रिवीजन, रिक्त पदों पर भर्ती और पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर महासंघ ने वर्क टू रूल आंदोलन शुरू किया था तथा अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी थी। हालांकि प्रबंधन द्वारा संविदा कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी के निर्णय के बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई।

तीनों कंपनियों के प्रबंध निदेशकों के साथ हुई बैठक में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, तीन प्रतिशत तकनीकी भत्ता, विभागीय पदोन्नति आदेश, करियर प्लानिंग योजना, स्टेशन भत्ता वृद्धि और लंबित पदोन्नति सूची जारी करने जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रबंधन ने सकारात्मक निर्णय का भरोसा दिलाया है।

नई पद स्वीकृति और वेज रिवीजन कमेटी के गठन को बिजली कर्मचारियों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे एक ओर जहां बेरोजगार युवाओं को अवसर मिलेगा, वहीं उत्पादन इकाइयों की कार्यप्रणाली में भी व्यापक सुधार की संभावना जताई जा रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button