NEWS

बिसाहूदास महंत स्मृति मेडिकल कालेज में वार्षिकीय खेल-कूद प्रतियोगिता “उमंग” का किया शुभारंभ आयुक्त आशुतोष पांडेय ने

● मैराथन दौड़ को दिखाई हरी झंडी
● मैराथन में स्वयं भी लगाई दौड़
● प्रतिभागियों को किया प्रोत्साहित

कोरबा (ट्रैक सिटी) “एक स्वस्थ शरीर-स्वस्थ जीवन व शारीरिक सौष्ठव के लिए स्पोर्ट्स एक्टिविटीज का सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण स्थान हैं, विविध क्रीड़ा गतिविधियों विशेषकर मैराथन दौड़ एवं फिटनेस का आपस में गहरा संबंध है। उन्होने कहा कि तेज गति से पैदल चलना, रन करना, खुद को फिट रखने के सबसे सरल व आसान तरीकों में से एक है, रनिंग का सीधा संबंध गुड हेल्थ से है, दौड़ने से शरीर की सुरक्षात्मक कोशिकाओं का पूरे शरीर में संचार तेज होता है, परिणाम स्वरूप आपका प्रतिरक्षा तंत्र मजबूत बनता है, जो आपके शरीर को स्वस्थ रखने के लिए अति आवश्यक है।”


उक्त कथन नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बिसाहूदास महंत स्मृति मेडिकल कालेज कोरबा द्वारा आयोजित मैराथन दौड़ प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कही। मेडिकल कालेज कोरबा के द्वारा 22 फरवरी से लेकर 03 मार्च तक कालेज के एनुअल स्पोर्ट्स “उमंग” का आयोजन किया जा रहा है, आयोजन के प्रथम दिन घंटाघर से मेडिकल कालेज तक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने उक्त आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति प्रदान करते हुए मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाई तथा एनुअल स्पोर्टस “उमंग” का शुभारंभ कराया।
आयुक्त श्री पांडेय ने स्वयं भी मैराथन में दौड़ लगाई तथा शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर उन्होने मेडिकल कालेज प्रबंधन के उक्त आयोजन की सराहना करते हुए प्रबंधन को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होने मैराथन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आगे कहा कि मैराथन दौड़ एक ऐसी गतिविधि है, जिससे हमारे शरीर के सभी अंगों का एक साथ व्यायाम हो जाता है, खून का संचार तेज होता है, शरीर में लचीलापन आता है तथा हमारा प्रतिरक्षा तंत्र मजबूत बनता है।

इस अवसर पर मेडिकल कालेज के डीन डॉ. सहारे, डॉ. रूपल ठाकुर, मेडिकल सुपरिडेन्ट डॉ. गोपाल कंवर, उप अधीक्षक डॉ. पटेल, सहायक अधीक्षक डॉ. रविकांत जाटवर, स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. हनीश आदि के साथ मेडिकल कालेज के अन्य कर्मचारी व काफी संख्या में प्रतिभागियों ने मैराथन में भाग लिया।
विजेता प्रतिभागी हुए सम्मानित
उक्त मैराथन दौड़ में पुरूष वर्ग में आजाद चौधरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं द्वितीय स्थान पर मंदीप व तृतीय स्थान पर विजय चौधरी रहे। महिला वर्ग में प्रथम स्थान पर रौशनी तुर्की, द्वितीय स्थान पर स्नेहा नायक व तृतीय स्थान पर माधुरी पैकरा ने अपना स्थान बनाया। इन सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button