मोहला-मानपुर-अंबागढ़ । स्वतंत्रता दिवस गरिमामय ढंग से उत्साह पूर्वक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में मनाया गया। विधायक राजेश मूणत ने मिनी स्टेडियम मोहला में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण कर, परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि श्री मूणत ने मुख्यमंत्री के जनता के संदेश का वाचन किया। उन्होंने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर आसमान में उड़ाए और उल्लास के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े।
समारोह परेड का नेतृत्व परेड कंमाडर आर आई भूपेंद्र कुमार कश्यप व एस आई सुरेंद्र नेताम के नेतृत्व में आईटीबीपी, जिला पुलिस बल पुरूष, जिला पुलिस बल महिला, एनसीसी पुरूष, एनसीसी महिला, स्काउट गाईड ने आकर्षक मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्र भक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। समारोह में कलेक्टर एस जयवर्धन, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि के हाथो उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के अधिकारियों और कर्मचारी सम्मानित हुए। मुख्य अतिथि श्री मूणत ने शहीद जवानों के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।

