कोरबा

सड़क हादसे का शिकार हुआ जंगली भालू, वन विभाग ने कराया अंतिम संस्कार।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा जिले के उरगा–पत्थलगांव नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में जंगली भालू की मौत हो गई। यह घटना सरदुकला के पास उस समय हुई, जब भालू सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक भारी वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार रात करीब 8 बजे भालू अचानक सड़क पर आ गया। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से भालू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए और वन विभाग को सूचित किया गया।

सूचना मिलने पर रेंजर मृत्युंजय शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम और पशु चिकित्सक डॉ. अंकित शुक्ला घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के बाद पशु चिकित्सक ने भालू को मृत घोषित किया। इसके बाद सोमवार को शव को कोसाबाड़ी डिपो लाया गया, जहां डीएफओ प्रेमलता यादव और एसडीओ एस.के. सोनी की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद भालू का अंतिम संस्कार किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि भारतमाला परियोजना के तहत हाईवे निर्माण और धरमजयगढ़ रेलवे लाइन के कार्य के चलते क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे के दोनों ओर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए ओवरब्रिज या अंडरब्रिज बनाए जाने की मांग की है।

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button