कोरबा

पत्नी को हाथ-मुक्कों और डंडे से पीट-पीटकर मार डाला : कैरेक्टर पर शक करता था, अधमरा कर चादर ओढ़ाकर छोड़ा, मौत, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा में चरित्र संदेह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने अधमरी पत्नी को अस्पताल ले जाने के बजाय खाट पर चादर ओढ़ाकर छोड़ दिया था। सुबह घरवालों को महिला मृत मिली। पुलिस ने आरोपी पति बिहानू सिंह मंझवार को हिरासत में ले लिया है। यह मामला लेमरू थाना क्षेत्र का है।

यह घटना मंगलवार तड़के करीब 4 बजे मुड़ापार अरसेना गांव में हुई। आरोपी बिहानू सिंह मंझवार (45) को अपनी पत्नी बिरसो बाई (45) के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

मंगलवार तड़के जब परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे, तब बिहानू और बिरसो बाई के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि बिहानू ने हाथ-मुक्कों और डंडे से बिरसो बाई की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह अधमरी हो गई।

इसके बाद आरोपी ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय खाट पर सुलाकर चादर ओढ़ा दी। करीब दो घंटे बाद जब बिरसो बाई नहीं उठी, तो परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने जाकर देखा तो बिरसो बाई की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना गांव के सरपंच ने लेमरू पुलिस को दी। थाना प्रभारी सुमन पोया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी बिहानू सिंह मंझवार को हिरासत में ले लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह चरित्र संदेह ही सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button