कोरबा

कोरबा पुलिस ने चलाया विशेष जागरूकता अभियान,नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने की दी गई समझाइश।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के उद्देश्य से आज बुधवार को निर्मला इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल रिसदी और निर्मला स्कूल कोसाबाड़ी में विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा नाबालिग बच्चों को दोपहिया एवं चारपहिया वाहन नहीं चलाने देने की समझाइश दी।

अभियान का नेतृत्व डीएसपी ट्रैफिक सुश्री ज्योत्सना चौधरी ने किया। इस दौरान एएसआई ईश्वरी लहरे, हेड कॉन्स्टेबल मनोज राठौर, हेड कॉन्स्टेबल पवन सिंह कौरव, सुशांत टोप्पो, तिरकी, नारंग सहित यातायात पुलिस का स्टाफ मौजूद रहा।

अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर तथा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी भी शामिल हुए और लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध है। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो वाहन मालिक एवं अभिभावक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और उन्हें वाहन चलाने के लिए प्रोत्साहित न करें।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन नहीं चलाने तथा ट्रैफिक संकेतों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button