कोरबा (ट्रैक सिटी)। जनपद पंचायत कोरबा क्षेत्र क्रमांक-23 (पताढ़ी) के जनपद सदस्य अनिल खुटे ने जिला प्रशासन के जनदर्शन कार्यक्रम में आवेदन प्रस्तुत कर कोरबा जिले के कोरबा पावर लिमिटेड, पताढ़ी में स्थानीय युवाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कंपनी प्रभावित ग्राम पंचायतों के युवाओं को रोजगार देने के बजाय बाहरी राज्यों के लोगों को प्राथमिकता दे रही है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत पताढ़ी, पहंदा एवं खोड़डल सहित आसपास के क्षेत्र कोरबा पावर लिमिटेड से प्रभावित हैं, लेकिन यहां के स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं। इससे क्षेत्र में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और युवाओं में असंतोष व्याप्त है।
जनपद सदस्य अनिल खुटे ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्लांट प्रबंधन को निर्देशित कर प्रभावित क्षेत्र के योग्य स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार मिलना उनका अधिकार है और उद्योगों को सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए क्षेत्र के युवाओं को अवसर देना चाहिए।
इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि कोरबा पावर लिमिटेड के प्लांट हेड, एसडीएम कोरबा तथा जिला रोजगार कार्यालय को भी प्रेषित की गई है।
स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने की इस मांग को लेकर अब क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और लोगों की निगाहें जिला प्रशासन एवं कंपनी प्रबंधन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

