कोरबा (ट्रैक सिटी)। बहुप्रतीक्षित कटघोरा–डोंगरगढ़ नई रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति मिलने की जानकारी भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडे ने एक वीडियो संदेश जारी कर दी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की स्वीकृति क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
सांसद संतोष पांडे ने बताया कि कटघोरा से डोंगरगढ़ तक प्रस्तावित नई रेल लाइन से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे कोरबा, मुंगेली, कबीरधाम और राजनांदगांव सहित कई जिलों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, साथ ही व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई रेल लाइन से क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
सांसद ने अपने वीडियो संदेश में क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परियोजना के आगामी चरणों की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी और इसके पूरा होने से वर्षों पुरानी मांग साकार होगी।

