कोरबा

मोबाइल टावर की केबल चोरी करते दो युवक रंगे हाथ पकड़ाए, लोगों ने आरोपियों को बांधकर किया पुलिस के हवाले ।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। जिले में लगातार बढ़ रही मोबाइल टावरों में चोरी की घटनाओं के बीच सोमवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामणी स्थित राम मंदिर परिसर में लगे मोबाइल टावर की केबल काटते हुए दो युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों को लोगों ने रस्सी से बांध दिया, उनकी पिटाई की और बाद में डायल 112 की टीम के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, सीतामणी स्थित राम मंदिर परिसर में लगे मोबाइल टावर की केबल काटने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों की नजर दोनों युवकों पर पड़ गई। लोगों ने तुरंत उन्हें घेर लिया और मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को रस्सी से बांधकर पुलिस के आने तक वहीं रोके रखा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवकों की लोगों ने जमकर पिटाई भी की। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली थाना ले गई।

स्थानीय लोगों ने पकड़े गए युवकों की पहचान एकलाख खान और लक्की के रूप में बताई है। लोगों का आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे। उनके पास से गांजा, चिलम और नशीले इंजेक्शन की शीशियां भी मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि इन बरामद वस्तुओं की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि जिले में पिछले तीन महीनों के दौरान मोबाइल टावरों में चोरी की करीब 33 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से टेलीकॉम कंपनियों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी परेशान हैं। कई बार केबल चोरी होने से मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।

फिलहाल कोतवाली पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं और जिले में हुई अन्य टावर चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता रही है या नहीं। मामले की जांच जारी है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button