कोरबा

खस्ताहाल सड़क और पुल की मरम्मत की मांग को लेकर एनएसयूआई व युवा कांग्रेस का चक्का जाम कल, भारी वाहनों का आवागमन रहेगा प्रभावित

कोरबा(ट्रैक सिटी)। जिले में लंबे समय से जर्जर एवं खस्ताहाल सड़क तथा पुल की मरम्मत की मांग को लेकर एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, 4 अगस्त 2026 को चक्का जाम आंदोलन आयोजित किया जाएगा। आंदोलन के दौरान दर्री मेजर ध्यानचंद चौक से बालको परसाभाटा चौक तक भारी वाहनों के आवागमन को रोककर प्रशासन का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, यह आंदोलन रुमगढ़ा रोड स्थित राखड़ डेम के समीप पुल के पास (बालको क्षेत्र) आयोजित होगा। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा, जबकि 11:30 बजे के बाद भारी वाहनों के खिलाफ चक्का जाम किया जाएगा।
आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के दौरान एम्बुलेंस, मोटरसाइकिल, राहगीरों तथा अन्य चार पहिया निजी वाहनों को आवाजाही की पूरी छूट रहेगी, ताकि आम नागरिकों और आपातकालीन सेवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। चक्का जाम केवल भारी वाहनों के लिए रहेगा।
एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस का कहना है कि लंबे समय से सड़क और पुल की स्थिति अत्यंत खराब है, जिससे क्षेत्रवासियों के साथ-साथ रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मांग उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर संगठन ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है।
संगठन ने क्षेत्र के नागरिकों से आंदोलन में शामिल होकर सड़क एवं पुल की शीघ्र मरम्मत की मांग को मजबूत करने की अपील की है। वहीं, वाहन चालकों से भी आंदोलन के दौरान वैकल्पिक मार्ग अपनाने तथा यातायात व्यवस्था में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button