कोरबा (ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (गैर-राजनीतिक संगठन) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप मिरी ने प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर कोरबा के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर छत्तीसगढ़ में ‘अटल परिसर’ योजना के तहत स्थापित भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं के निर्माण में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कटघोरा में स्थापित प्रतिमा की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं तथा पहली ही बारिश में प्रतिमा का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्य पर संदेह पैदा हुआ है। संगठन ने पूरे प्रदेश में स्थापित अटल प्रतिमाओं की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री, तकनीकी मानकों, स्वीकृत डिजाइन और खर्च की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।
साथ ही, निविदा, भुगतान और गुणवत्ता परीक्षण का ऑडिट कराने, दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी योजनाओं में पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग भी ज्ञापन में की गई है।

