कोरबा

नगर निगम कोरबा में अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल, आयुक्त ने जारी किया आदेश

कोरबा (ट्रैक सिटी)। नगर पालिक निगम कोरबा में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल किया गया है। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय द्वारा मंगलवार को इस संबंध में कार्यालयीन आदेश जारी किया गया, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

जारी आदेश के अनुसार, अधीक्षण अभियंता श्री भूपण राम उरांव को पूर्व में सौंपे गए दायित्वों के साथ-साथ निर्माण, योजना, डीएमएफ, सीएसआर, 15वें एवं 16वें वित्त आयोग की योजनाओं, अमृत मिशन के प्रभारी अधिकारी तथा सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत प्रथम अपीलीय अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वहीं, प्रभारी कार्यपालन अभियंता सुश्री रूची साहू को उनके पूर्व दायित्वों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभारी अधिकारी का दायित्व भी सौंपा गया है।

आयुक्त द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। आदेश की प्रतिलिपि महापौर, सभापति, अपर आयुक्त, उपायुक्त, अधीक्षण अभियंता, सभी जोन आयुक्तों तथा निगम के विभिन्न शाखा प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं पालनार्थ भेजी गई है।

नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इस जिम्मेदारी पुनर्वितरण से विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी तथा विभागीय कार्यों का बेहतर समन्वय सुनिश्चित होगा।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button