कटघोरा/कोरबा (ट्रैक सिटी)। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए छत्तीसगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा “बने खाबो–बने रिहबो 2.0” के तहत 17 से 23 अगस्त तक सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत महीने की शुरुआत से ही विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग की जा रही है।
इसी क्रम में 19 अगस्त को कटघोरा स्थित कान्हा डेयरी और श्याम बाबा डेयरी का निरीक्षण किया गया। यहां नकली पनीर की आशंका के चलते पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। दोनों नमूनों को रायपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजकर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही के दौरान खाद्य विभाग के अभिहित अधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे। विभाग ने पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान जारी रखने की बात कही है।
Leave a Reply

