कोरबा

चौपाटी के सीमांकन पर उठे सवाल, आज पूरी होगी प्रक्रिया
कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा शहर के पावर हाउस रोड स्थित बाइपास मार्ग (दुबई रोड) क्षेत्र में प्रस्तावित चौपाटी निर्माण को लेकर सीमांकन की प्रक्रिया सवालों के घेरे में है। नगर पालिक निगम द्वारा करीब 5.52 एकड़ भूमि पर मल्टी-लेवल कार पार्किंग, फूड मार्केट, चौपाटी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर विकसित करने का प्रस्ताव बताया गया है।

बताया जा रहा है कि प्रस्तावित विकास कार्य के लिए सीमांकन की प्रक्रिया पहले से निर्धारित थी, जिसके तहत आज राजस्व विभाग एवं नगर निगम की टीम द्वारा मौके पर सीमांकन की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान नायाब तहसीलदार कोरबा के साथ संबंधित राजस्व अमला और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी स्थल पर मौजूद रहकर भूमि की वास्तविक स्थिति एवं सीमाओं का परीक्षण कर रहे हैं।

मामला इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रस्तावित परियोजना के लिए चिन्हित भूमि को लेकर सीमांकन के आधार, भूमि की प्रकृति और राजस्व अभिलेखों में दर्ज स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में सीमांकन की कार्रवाई के दौरान यह स्पष्ट होना अहम माना जा रहा है कि प्रस्तावित 5.52 एकड़ भूमि की वास्तविक सीमा क्या है और विकास कार्य के लिए चिन्हित क्षेत्र राजस्व अभिलेखों से कितना मेल खाता है।

चौपाटी के साथ कई सुविधाएं प्रस्तावित
नगर निगम की प्रस्तावित योजना में इस क्षेत्र को एक विकसित सार्वजनिक परिसर के रूप में तैयार किए जाने की बात सामने आई है। इसमें मल्टी-लेवल कार पार्किंग, फूड मार्केट, चौपाटी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर जैसे कार्य शामिल बताए जा रहे हैं। योजना के क्रियान्वयन से पहले भूमि की स्थिति स्पष्ट करने के लिए सीमांकन को महत्वपूर्ण प्रक्रिया माना जा रहा है।
अब आज होने वाली सीमांकन कार्रवाई के बाद ही भूमि की वास्तविक स्थिति और प्रस्तावित परियोजना के लिए उपलब्ध क्षेत्रफल को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी। सीमांकन रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई का रास्ता तय होगा।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button