महासमुंद

महासमुंद में 132 किलो गांजा जब्त, इनोवा कार से ओडिशा से पुणे ले जा रहे थे तस्कर; दो आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद(ट्रैक सिटी)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसना थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान एक इनोवा कार से 132 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा, वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 81 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक संदिग्ध इनोवा कार क्रमांक MH 04 GM 8841 महासमुंद की तरफ आ रही है। सूचना मिलते ही बसना थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही संदिग्ध इनोवा कार को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। जांच में गांजे का कुल वजन 132 किलो पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 66 लाख रुपये है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही इनोवा कार, दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामग्री भी जब्त की।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के तुमुड़ीबंध, कंधमाल से गांजा लेकर महाराष्ट्र के पुणे जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश बाजे (42) निवासी पिपलवंडी, थाना अनेपारा, जिला पुणे और विपुल भालेराव (36) निवासी कलंब, तालुका आंबेगांव, जिला पुणे के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की है। कार्रवाई में 132 किलो गांजा (66 लाख रुपये), इनोवा कार (करीब 15 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन (करीब 20 हजार रुपये) जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती की अनुमानित कीमत 81 लाख 20 हजार रुपये है। पुलिस मामले में गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी जांच कर रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button