कोरबा

अंचल के सर्वमंगला एवं पावर हाउस रोड में स्थित शिव मंदिर में सपत्नीक कोरबा विधायक एवं राजस्व मंत्री ने कराया महारूद्राभिषेक

सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

कोरबा (ट्रैक सिटी) कोरबा जिलान्तर्गत कोरबा विधायक एवं राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबा की खुशहाली, समृद्धि एवं स्वस्थ कोरबा की मंगल कामना को लेकर नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र के सर्वमंगला एवं पावर हाऊस रोड स्थित भगवान शिव मंदिर में स्थित भगवान शिव का महा रुद्राभिषेक कराया। इस महापूजन में जयसिंह अग्रवाल के साथ उनकी धर्मपत्नी एवं पूर्व महापौर श्रीमती रेणु अग्रवाल ने मिलकर विधि-विधान के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया।

मंदिर में उपस्थित पंडित के सानिध्य और अन्य पंडितों की उपस्थिति में भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए दिव्य मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का आह्वान किया और भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर राजस्व मंत्री ने सपत्नीक जिला एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर कोरबा विधायक एवं राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भगवान शिव भोले भंडारी हैं और सहज पूजा से ही वे प्रसन्न हो जाते हैं। उन्होंने भगवान शिव से खेती-किसानी की समृद्धि की भी कामना की। इस अवसर पर प्रमुख रूप से महापौर राजकिशोर प्रसाद, सभापति श्याम सुंदर सोनी, विकास सिंह, राकेश पंकज, मयंक पांडेय, मनीष सहित अन्य गणमान्य नागरिक तथा क्षेत्र के श्रद्धालुजन सैंकड़ो की संख्या में उपस्थित थे।

सैकड़ो लोगों ने किया प्रसाद ग्रहण
रूद्राभिषेक सपन्न होने के बाद परिसर में भोग प्रसाद का भी वितरण किया गया। यहां उपस्थित सैकड़ो श्रद्धालुओं ने भोग प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। उक्त समस्त जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा प्रवक्ता सुरेश कुमार अग्रवाल ने दी हैं।

Editor in chief | Website |  + posts
Back to top button