रायपुर

अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की अपील का असर, नागरिकों ने स्वेच्छा से सौंपे हथियार

रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। रायपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक द्वारा संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के तहत गोबरा नयापारा पुलिस द्वारा क्षेत्र में जनजागरूकता और पुलिस-जन संवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने नागरिकों से अवैध हथियार अपने पास नहीं रखने तथा यदि किसी के पास ऐसे हथियार मौजूद हैं तो उन्हें स्वेच्छा से पुलिस के समक्ष समर्पित करने की अपील की थी।
पुलिस की इस अपील को नागरिकों की ओर से सकारात्मक प्रतिसाद मिला। क्षेत्र के नागरिकों ने पुलिस के समक्ष अवैध तलवार, चाकू सहित अन्य धारदार हथियार स्वेच्छा से समर्पित किए। पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य कार्रवाई के साथ-साथ लोगों में कानून के प्रति जागरूकता और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पुलिस द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने, पुलिस सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने तथा क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए लगातार संवाद और जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध हथियारों से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस तक पहुंचाएं और अपने पास मौजूद अवैध हथियारों को स्वेच्छा से पुलिस के समक्ष समर्पित करें। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button