कोरबा (ट्रैक सिटी) कोरबा नगर के श्री श्री शिव परिवार काली मंदिर दुरपा रोड के द्वारा लगातार आयोजन के 10वें वर्ष महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात धूमधाम से निकाली गई। इसके लिए भव्य तैयारी करने के साथ-साथ विवाह स्थल को दुल्हन की तरह सजाया गया।
शिव परिवार ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर भोलेनाथ की बारात पावर हाउस रोड स्थित शिव मंदिर से पूजा-अर्चना के पश्चात प्रारंभ हुई। आकर्षक और रोमांचित करती झांकियों के साथ भोलेनाथ की बारात पावर हाउस रोड होते हुए मुख्य मार्ग से श्रीराम मंदिर पुराना बस स्टैंड में देव पूजन के पश्चात विवाह स्थल मां काली मंदिर परिसर दुरपा रोड पहुंची।
इस दौरान भोलेनाथ की बारात में देवताओं के साथ गण के प्रतिरूप भी शामिल हुए। दिल्ली, मथुरा, कानपुर, नागपुर और पंजाब के आकर्षक लोक नृत्य की प्रस्तुति भी देखने को मिली। मॉं काली मंदिर के समक्ष शिव-पार्वती का प्रतीकात्मक रूप से विवाह के बंधन में बंधे और इस दौरान विवाह के समस्त लोकाचार और विधियों को भी पूरा किया गया।

