कोरबा (ट्रैक सिटी)। कटघोरा नगर पालिका परिसर में स्थापित भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर युवा कांग्रेस ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि मामले में उप अभियंता के निलंबन से निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि होती है, लेकिन केवल एक अधिकारी पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। युवा कांग्रेस ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), संबंधित ठेकेदार एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही जांच पूरी होने तक प्रतिमा को हटाने या उसमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं करने की भी मांग की गई है।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय कटघोरा के सामने मुख्य सड़क पर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अर्धनग्न प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
Leave a Reply

