कोरबा (ट्रैक सिटी) उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने सर्राफा व्यापारी गोपाल राय सोनी के निवास स्थान टीपी नगर पर पहुंचकर परिवार जनों से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी भी मौजूद थे।
उद्योग मंत्री ने पुलिस अधीक्षक से घटना के हर संभावित पहलू पर बारीकी से जांच कर आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी सजा दी जाए। उद्योग मंत्री ने परिवार को आश्वासन दिया कि सरकार पूरी तरह से उनके साथ है और न्याय दिलाने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी।
सराफा एसोसिएशन ने घटना के विरोध में किया सांकेतिक प्रदर्शन
घटना के विरोध में दो दिन सराफा बाजार बंद करने का ऐलान किया एसोसिएशन ने
शहर के हृदय स्थल टीपी नगर में रविवार की रात सराफा कारोबारी गोपाल राय सोनी की हत्या के मामले में सोमवार की सुबह बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ संजीव शुक्ला कोरबा पहुंचे, जहां उन्होंने घटना को लेकर बारीकी से निरीक्षण किया और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी व जांच अधिकारियों को आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। वहीं दूसरी ओर सोमवार की दोपहर सराफा एसोसिएशन (जिला सराफा संघ) के पदाधिकारी ने बैठक आहूत की जिसमें सराफा एसोसिएशन ने सांकेतिक प्रदर्शन करते हुए घटना के विरोध में दो दिनों तक दुकान बंद करने का ऐलान किया है। साथ ही चर्चा करके मंगलवार को आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। वहीं एसपी सिद्धार्थ तिवारी घटना के बाद से खुद ही जांच पड़ताल की मोर्चा संभाले हुए हैं। उनके निर्देशन में आला अधिकारियों की टीम आरोपियों की धर पकड़ के लिए लगातार प्रयास में जुटी हुई है। संभावना जताई जारी की आरोपी जल्द ही पुलिस के सलाखों के पीछे होंगे।

