कोरबा। सावन में देश भर के सभी प्रसिद्ध शिव मंदिरों में कांवर यात्रा निकालकर जलाभिषेक की परंपरा है । कांवर यात्रा के लिए देशभर से शिव भक्त अलग-अलग देवालयों में जल अभिषेक करने पहुंचते हैं। सावन के महीने में कांवर यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवक-युवतियां शामिल होती हैं, कुछ बच्चे भी कांवर लेकर नंगे पांव चलते नजर आते हैं।

भगवा वस्त्र में कंधे पर कांवर लिए बोल-बम का उद्घोष करते शिव भक्त कोरबा के सर्वमंगला घाट से जल लेकर कनकी में महादेव के जलाभिषेक के लिए निकलते हैं। महाकाल भक्त मण्डल के तत्वाधान में सर्वमंगला कनकी मार्ग पर सावन माह में कांवर लेकर गुजरने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए चाय- बिस्किट प्रदान किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष दुर्गेश शर्मा ने बताया कि सावन माह में प्रति रविवार की रात कांवड़ियों को गर्म चाय और बिस्कुट का वितरण किया जा रहा है। समिति द्वारा सर्वमंगला से कनकी मार्ग के बीच पडने वाले ग्राम कनबेरी के पास वितरण किया जाता हैं।

