कोरबा

कोरबा चौपाटी में सिलेंडर चोरी: नगदी सुरक्षित, व्यापारियों में दहशत।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ शहर के घंटाघर स्थित गढ़कलेवा चौपाटी में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात गैस सिलेंडर चोरी की घटना सामने आने से क्षेत्र के छोटे व्यापारियों में चिंता का माहौल है। अज्ञात चोरों ने दो फास्टफूड दुकानों को निशाना बनाते हुए केवल गैस सिलेंडर ही चोरी किए, जबकि दुकानों में रखी नगदी और अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया।

घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब हुई, जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे और ताले टूटे हुए पाए। मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि गढ़कलेवा चौपाटी में 60 से अधिक दुकानें संचालित हैं, जिनसे कई परिवारों का जीवन-यापन जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है। सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे हैं और यदि मिल भी रहे हैं तो ब्लैक मार्केट में ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं। ऐसे में इस तरह की चोरी की घटनाएं व्यापारियों की परेशानी को और बढ़ा रही हैं।

उन्होंने निगम प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि चौपाटी में न तो सीसीटीवी कैमरे सही स्थिति में हैं और न ही सुरक्षा गार्ड की कोई व्यवस्था है। कई बार सुरक्षा बढ़ाने की मांग के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

पीड़ित दुकानदार जगदीश शाह ने बताया कि उनके पास केवल एक ही सिलेंडर था, जो चोरी हो गया। ऐसे में अब उन्हें अपनी दुकान बंद करनी पड़ सकती है। वहीं, दूसरे दुकानदार मनोज चौधरी ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पर ताला टूटा मिला और अंदर से केवल सिलेंडर गायब था।

इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से चौपाटी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button