कोरबा

पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर क्षेत्र के हत्या के प्रकरण का खुलासा।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीमों की संयुक्त कार्रवाई से मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

*सजग कोरबा – सतर्क कोरबा अभियान के तहत कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई* 

*सीसीटीवी, टेक्निकल साक्ष्य एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस के समन्वय से मिली सफलता* 

*मानिकपुर हत्या प्रकरण के साथ बलगी डकैती प्रकरण में भी आरोपी की संलिप्तता उजागर* 

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण एवं अपराधियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर क्षेत्र में घटित हत्या के गंभीर प्रकरण में पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।

प्रार्थी शुभम सिंह बघेल निवासी साकेत कॉलोनी जमनीपाली द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि दिनांक 06-07 जून 2026 की दरमियानी रात उसके परिचित चन्द्रमणि रात्रे उर्फ दादू को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जान से मारने की नीयत से बोलेरो वाहन से गंभीर चोट पहुंचाई गई थी, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 500/2026 धारा 109, 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रकरण के शीघ्र खुलासे हेतु अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों को सीसीटीवी जांच, तकनीकी साक्ष्य संकलन, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस विकसित करने की जिम्मेदारी दी गई।

पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास करते हुए घटना से संबंधित 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तथा 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी विश्लेषण एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।

विवेचना के दौरान आरोपी राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू पिता लक्ष्मी प्रसाद साहू उम्र 22 वर्ष निवासी कड़ारी थाना बाराद्वार जिला सक्ती, हाल मुकाम एम-299 विकास नगर कुसमुंडा थाना कुसमुंडा जिला कोरबा की संलिप्तता पाई गई।

पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG-12 BD-5025 को जप्त किया गया।

विवेचना के दौरान यह भी तथ्य सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी उसी दिनांक को थाना बाकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत बलगी में घटित डकैती की घटना में भी संलिप्त था। उक्त डकैती प्रकरण में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार एवं स्कूटी वाहन को पुलिस द्वारा जप्त किया गया था। वर्तमान आरोपी की गिरफ्तारी से उक्त प्रकरण में भी महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।

गिरफ्तार आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी का न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया है। प्रकरण में अन्य आरोपी एवं अन्य साक्ष्यों के संबंध में विवेचना जारी है।

उक्त संपूर्ण कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में गठित टीमों द्वारा किए गए अथक प्रयास, सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी जांच एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोरबा पुलिस आमजन से अपील करती है कि अपराध एवं अपराधियों के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। आपकी सजगता सुरक्षित कोरबा के निर्माण में सहायक है।

 

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button