मुड़ापार मैदान में डीजे पर नाचने के दौरान हुआ था विवाद, चौथे आरोपी की तलाश जारी
कोरबा (ट्रैक सिटी)। दशहरा की रात मुड़ापार दशहरा मैदान के पास हुए विवाद में रेलवे कॉलोनी निवासी राहुल उर्फ गोल्डन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना 20 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे की है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू और छुरा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन से पहले डीजे की धुन पर युवक नाच रहे थे। इसी दौरान धक्का लगने को लेकर राहुल और मुड़ापार निवासी बिट्टू चौहान के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि नाराज राहुल ने बिट्टू को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद विजय चौहान भी मौके पर पहुंचा, जहां राहुल और उसके बीच हाथापाई व धक्का-मुक्की हुई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सिक्कू चौहान और उनके एक अन्य साथी ने राहुल को मैदान के पास की गली में ले जाकर मारपीट की। इस दौरान चाकूनुमा हथियार से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल राहुल की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घेराबंदी कर तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर पुलिस की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी क्षेत्र से बाहर एक झोपड़ीनुमा स्थान पर छिपे हुए हैं। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में शामिल बताया जा रहा चौथा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से चाकू और छुरा जब्त किया है।
एएसपी लखन पटले ने दी जानकारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामले में अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
दशहरा जैसे सार्वजनिक आयोजन के दौरान धक्का लगने से शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
