कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा जिले के रजगामार बस्ती से सात वर्षीय बच्ची भव्या जोशी के लापता होने का मामला सामने आया है। बच्ची के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने रजगामार पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं रजगामार पुलिस चौकी पहुंचकर जांच की कमान संभाली है। बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित स्थानों पर भेजी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, जिला सक्ती के ग्राम फगुरम निवासी प्रकाश जोशी पिछले करीब चार महीने से अपने चार बच्चों के साथ रजगामार में रह रहे हैं। प्रकाश जोशी रजगामार ग्राम पंचायत अंतर्गत बस्ती में स्थित करीम पोल्ट्री फार्म में काम करते हैं और वहीं रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रकाश जोशी ने अपनी सात वर्षीय बेटी भव्या जोशी को घरेलू उपयोग का सामान लेने के लिए नजदीकी राशन दुकान भेजा था। बच्ची दुकान के लिए निकली, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस घर नहीं लौटी। पहले परिजनों ने आसपास की गलियों, दुकानों और बस्ती में उसकी तलाश की। रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी ली गई, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल सका।
बच्ची के नहीं मिलने पर परिजन चिंतित हो गए और उन्होंने रजगामार पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों, रास्तों, बाजारों और संभावित स्थानों पर जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से भी बच्ची के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी 20 अक्टूबर को रजगामार पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली और तलाश अभियान की निगरानी की। एसपी ने पुलिस टीमों को बच्ची की जल्द से जल्द तलाश करने और हर संभावित पहलू की जांच करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बच्ची के राशन दुकान तक जाने वाले रास्ते की भी जांच कर रही है। हालांकि, अब तक बच्ची के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को भव्या जोशी के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल रजगामार पुलिस चौकी या नजदीकी थाने को सूचित करें।

