कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले में नाबालिग बच्ची के साथ हुई जघन्य वारदात के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल कोरबा ने न्याय की मांग को लेकर विशाल श्रद्धांजलि सभा और मौन रैली का आयोजन किया। घंटाघर चौक से सुभाष चौक तक निकाली गई इस रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने हिस्सा लेकर घटना के प्रति आक्रोश व्यक्त किया तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
रात के समय आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जमीन पर सैकड़ों दीप प्रज्वलित कर दिवंगत बच्ची को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में “हत्यारे को फांसी दो” और “नशा थमेगा, अपराध थमेगा” जैसे संदेश लिखी तख्तियां लेकर अपराध के खिलाफ आवाज बुलंद की। रैली के दौरान मौन रखकर बच्ची को श्रद्धांजलि दी गई और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की गई।
कार्यक्रम में मातृशक्ति को तलवार सौंपकर आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह की जघन्य घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं। ऐसे मामलों में न्यायिक प्रक्रिया को तेज करते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने आरोपी को कानून के अनुसार कठोरतम सजा दिलाने की मांग की।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अमरजीत सिंह, जिला उपाध्यक्ष रश्मि सिंह, बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी, सी.के. राठौर, विजय राठौर सहित संगठन के सैकड़ों युवा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
आयोजकों ने समाज से अपराध और नशे के खिलाफ एकजुट होने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय सुनिश्चित करने की मांग दोहराई गई।
