कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले में चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने पहले पोड़ीबहार स्थित गीता देवी मेमोरियल इंग्लिश स्कूल के परिसर में बैठकर शराब पार्टी की और उसके बाद स्कूल का आवश्यक सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना से स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह जब स्कूल के शिक्षक एवं कर्मचारी परिसर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। स्कूल परिसर में शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल गिलास तथा अन्य उपयोग की गई सामग्री बिखरी हुई मिली। इसके बाद स्कूल का निरीक्षण करने पर पता चला कि स्कूल का आवश्यक सामान और अन्य सामग्री गायब है।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
स्कूल प्रबंधन ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थान में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और चोरी गए सामान का विवरण भी एकत्र किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

