कोरबा

कोरबा में रंगमंच को फिर मिलेगी नई पहचान, 21 मार्च को ‘मैं अनिकेत हूँ’ का मंचन।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ औद्योगिक नगरी कोरबा में एक बार फिर रंगमंच की रौनक लौटने जा रही है। रोटरी क्लब कोरबा और महाराष्ट्र मंडल कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में 21 मार्च 2026 (शनिवार) को सुप्रसिद्ध हिंदी नाटक “मैं अनिकेत हूँ” का मंचन किया जाएगा। यह प्रस्तुति शाम 7 बजे राजीव गांधी ऑडिटोरियम (इंदिरा गांधी स्टेडियम) में आयोजित होगी। इसकी जानकारी आज कोरबा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।

कोरबा, जो कभी रंगमंचीय गतिविधियों का प्रमुख केंद्र माना जाता था, बीते कुछ वर्षों से इस क्षेत्र में सुस्ती का दौर देख रहा था। ऐसे में यह आयोजन शहर की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। आयोजकों का उद्देश्य युवाओं को रंगमंच से जोड़ना और उन्हें इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना है।

महाराष्ट्र मंडल रायपुर द्वारा तैयार इस नाटक का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक शशि वरवंडकर ने किया है। आयोजकों का दावा है कि नाटक की प्रस्तुति, सशक्त अभिनय और तकनीकी संयोजन दर्शकों को एक अलग ही अनुभव देगा, जो लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।

इस आयोजन का सामाजिक पहलू भी विशेष है। कार्यक्रम को चैरिटी शो के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्राप्त संपूर्ण राशि मेधावी एवं जरूरतमंद छात्रों की शिक्षा और उच्च अध्ययन पर खर्च की जाएगी। इस पहल को शहर के दानदाताओं और कला प्रेमियों का भी अच्छा सहयोग मिल रहा है।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रोटरी क्लब और महाराष्ट्र मंडल के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजन में रोटे. पारस जैन (प्रोजेक्ट चेयरमैन), रोटे. नितिन चतुर्वेदी (अध्यक्ष), रोटे. संतोष जैन (सचिव) के साथ महाराष्ट्र मंडल से सुधीर रेगे, हेमंत माहलीकर, प्रवीण जाखड़ी, आलोक दिवाटे, राजेंद्र पागे एवं स्नेहल ओत्तलवार विशेष भूमिका निभा रहे हैं।

आयोजन समिति ने कोरबावासियों, कला प्रेमियों और प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनें और रंगमंच के इस पुनर्जागरण में अपनी सहभागिता निभाएं।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button