कोरबा

कोरबा सहित वनांचल गांव में बदहाल बिजली व्यवस्था, घंटों कटौती से ग्रामीण परेशान

कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के शहरी वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। लगातार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज की समस्या और जर्जर विद्युत लाइनें लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन चुकी हैं। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
कोरबा शहर,कटघोरा, पाली, पोड़ी-उपरोड़ा सहित कई वनांचल गांवों में दिन और रात दोनों समय अघोषित बिजली कटौती की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि कई बार रातभर बिजली बंद रहती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था और छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।
शहरी और क्षेत्रों में लगे कई ट्रांसफार्मर क्षमता से अधिक भार के कारण बार-बार खराब हो रहे हैं। वहीं अनेक स्थानों पर बिजली के तार झूलते हुए नजर आते हैं, जिससे हादसे की आशंका भी बनी रहती है। शिकायत के बावजूद समय पर सुधार कार्य नहीं होने से लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
किसानों को भी सिंचाई कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से खेतों में लगे पंप बंद पड़े हैं, जिससे फसलों पर असर पड़ने की चिंता बढ़ गई है। लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा जिला ऊर्जा नगरी के रूप में देशभर में पहचान रखता है, लेकिन विडंबना यह है कि जिले के कई गांव आज भी नियमित बिजली सुविधा से वंचित हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button