NEWS

क्या भ्रष्टाचार को उजागर करना भारी पड़ा मुकेश को ?

ट्रैक सिटी। बीजापुर जिले में पत्रकार और यूट्यूबर मुकेश चंद्राकर की हत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। 1 जनवरी 2025 से लापता मुकेश का शव एक ठेकेदार के सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ है। आपको बता दें कि बस्तर के तेजतर्रार पत्रकार मुकेश चंद्राकर का शव शुक्रवार को सेप्टिक टैंक में मिला, जो कि बेहद डराने वाली खबर है। मुकेश चंद्राकर निर्भीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे।

मुकेश चंद्राकर 1 जनवरी 2025 से लापता थे। परिजनों ने बीजापुर पुलिस में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर बीजापुर में एक ठेकेदार के घर स्थित सेप्टिक टैंक की खुदाई की गई। यहां से मुकेश का शव बरामद हुआ, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि मुकेश चंद्राकर सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को उजागर कर रहे थे। संभावना यह भी जताई जा रही है कि उनका ठेकेदारों से विवाद हुआ, जिसके चलते उनकी हत्या की गई और शव को सेप्टिक टैंक में छिपाया गया।

निष्पक्ष जांच और सख्त सजा की मांग : इस घटना के बाद चंद्राकर के परिवार और बस्तर के पत्रकार संगठनों ने राज्य सरकार से निष्पक्ष जांच और दोषियों को कठोर सजा देने की मांग की है।

पत्रकारों की सुरक्षा पर सवाल : मुकेश चंद्राकर की हत्या ने पत्रकारों की सुरक्षा और भ्रष्टाचार उजागर करने के जोखिमों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। यह घटना पत्रकारिता की स्वतंत्रता और समाज की सुरक्षा के लिए एक चेतावनी है, जिसे गंभीरता से लेना आवश्यक है। यह घटना पत्रकारों के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बन गई है, क्योंकि पत्रकारों को अपने काम के कारण खतरों का सामना करना पड़ता हैं।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button