कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईंराम ने अपने दौरे के दूसरे चरण में एशिया की सबसे बड़ी गेवरा कोयला खदान का निरीक्षण किया। उन्होंने गेवरा व्यू पॉइंट पहुंचकर माइन प्लान के माध्यम से खदान संचालन की विस्तृत समीक्षा की।
दौरे के दौरान उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की गई। साथ ही खदान को 70 मिलियन टन (MT) उत्पादन क्षमता तक पहुंचाने की योजना पर भी विचार किया गया।
इस अवसर पर चेयरमैन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में अधिकारियों से कहा कि वे श्रमिकों के साथ निरंतर जुड़ाव बनाए रखें और उनके सुख-दुख में सहभागी बनें।
चेयरमैन साईंराम ने कहा कि शहरों के सपाट रास्ते भले ही सुखदायक हों, लेकिन खदानों की ऊबड़-खाबड़ ज़मीन पर चलकर जो आत्मीय सुकून मिलता है, वह कहीं और नहीं मिल सकता।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने 1000 टीपीएच क्षमता वाले क्रशर का अवलोकन किया। साथ ही एनटीपीसी पब्लिक साइलो डिस्पैच सिस्टम का जायजा लिया और एबी कोल स्टॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने साइलो 5 और 6 की प्रगति की भी समीक्षा की।

