कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरा टॉकीज वार्ड क्रमांक 7, अंबिकापुर रोड पर देर रात ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने से नीचे रखे कचरे के ढेर में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास खड़ी एक कार भी इसकी चपेट में आकर जल गई। घटना रात लगभग 1 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलते ही नीचे जमा कचरे में आग भड़क उठी। कचरे का ढेर और ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगे। इसी दौरान पास स्थित एक दुकान के बाहर खड़ी कार में भी आग लग गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और विद्युत विभाग को दी।
आगजनी के बाद पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। घटना के 12 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी थी।जिससे क्षेत्रवासियों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानों का कामकाज भी प्रभावित हुआ है।
बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर के नीचे लंबे समय से कचरे का ढेर जमा था। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इसे हटाने के लिए नगर पालिका को पत्र भी लिखा था, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से यह हादसा हुआ। आसपास लगभग आधा दर्जन से अधिक दुकानें स्थित हैं, जो आग की चपेट में आ सकती थीं। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि यदि पहले ही कचरा हटा दिया जाता तो इस तरह की स्थिति नहीं बनती।
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर की मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

