Korba

ट्रेलर से युवक की मौत के बाद 24 घंटे चला चक्काजाम खत्म, कंपनी ने दिया मुआवज़ा और नौकरी का आश्वासन।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा जिले के औद्योगिक इलाके में ACB कंपनी के ट्रेलर से हुए हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा किया गया 24 घंटे का चक्काजाम आंदोलन देर रात समाप्त हो गया। कंपनी प्रबंधन ने आंदोलनकारियों की मांगें मानते हुए मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये मुआवज़ा और एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने का भरोसा दिया है। कंपनी ने क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए नियमित पानी छिड़काव करने का भी वादा किया है।

जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना दीपका थाना क्षेत्र की है। जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक पर जा रहे युवक को टक्कर मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सोहन यादव (35 वर्ष) के रूप में हुई, जो मूलतः कोहड़िया का निवासी था और कुछ वर्षों से मड़वाडोरा में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहा था। वह ACB कंपनी में ही कार्यरत था। हादसे के बाद आरोपी ट्रेलर चालक फरार हो गया।

आक्रोशित लोगों का प्रदर्शन

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। घटना की सूचना पर दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कंपनी अधिकारियों को तलब किया। लगातार वार्ता के बाद देर रात समझौता हुआ और आंदोलन समाप्त किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button