कोरबा

डीएवी स्कूल के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से राहगीर गंभीर घायल, चालक फरार।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत जेंजरा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप बुधवार दोपहर हिट-एंड-रन की घटना में एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार दोपहर एक बाइक तेज गति से कटघोरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने सड़क से गुजर रहे एक राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहगीर सड़क पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद बाइक चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है तथा फरार बाइक चालक की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने दुर्घटना देखी हो या फरार बाइक चालक के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button