कोरबा

दो वर्षों से लंबित भुगतान की मांग को लेकर कोरबा के ठेकेदारों ने सौंपा ज्ञापन

राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर को दिया ज्ञापन, उद्योग मंत्री से भी होगी मुलाकात

कोरबा (ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर एसोसिएशन के आह्वान पर जिले के पीएचई ठेकेदारों ने लंबे समय से लंबित भुगतानों की मांग को लेकर गुरुवार को प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ठेकेदारों ने कहा कि पिछले लगभग दो वर्षों से भुगतान लंबित होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है और कई ठेकेदार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

एसोसिएशन के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को रायपुर में छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर एसोसिएशन के बैनर तले प्रदेशभर के पीएचई ठेकेदारों ने लंबित भुगतानों को लेकर विशाल आंदोलन किया था। इसके बाद संगठन के निर्देशानुसार सभी जिलों में जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।

इसी क्रम में गुरुवार को कोरबा कांट्रेक्टर एसोसिएशन के नेतृत्व में जिले के ठेकेदारों ने अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल को ज्ञापन सौंपते हुए लंबित भुगतानों का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण कई ठेकेदार भारी कर्ज के बोझ तले दब गए हैं। आर्थिक संकट के चलते कुछ ठेकेदारों द्वारा आत्महत्या किए जाने, जबकि कई अन्य के मानसिक अवसाद, हार्ट अटैक एवं लकवे जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित होने की बात भी रखी गई।

ठेकेदारों ने शासन से मांग की कि लंबित भुगतान तत्काल जारी कर ठेकेदारों को आर्थिक राहत प्रदान की जाए, ताकि निर्माण कार्यों की गति भी प्रभावित न हो और ठेकेदारों के समक्ष उत्पन्न गंभीर वित्तीय संकट का समाधान हो सके।

एसोसिएशन ने बताया कि प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन से भी मुलाकात का समय लिया गया है। मंत्री के मुख्यालय से बाहर होने के कारण उनसे शुक्रवार को भेंट कर लंबित भुगतान के संबंध में विस्तृत चर्चा की जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांट्रेक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, सचिव असलम खान, कोषाध्यक्ष संतोष खरे सहित जिले के बड़ी संख्या में ठेकेदार उपस्थित रहे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button