रायपुर

नारी सम्मान और सशक्तीकरण के लिहाज से भाजपा सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल ऐतिहासिक : शताब्दी

रायपुर (ट्रैक सिटी)। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल को नारी सम्मान की रक्षा और राजनीतिक, आर्थिक व सामाजिक सशक्तीकरण के लिहाज से ऐतिहासिक बताया है। श्रीमती पाण्डेय ने प्रदेश की भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि हर क्षेत्र में आज प्रदेश की महिलाएँ विकास की मुख्यधारा के केन्द्र में हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि भाजपा ने मोदी की गारंटी के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व सशक्तीकरण के जो संकल्प व्यक्त किए थे, उन पर तेजी से अमल करके साय-सरकार ने मातृ-शक्ति का अभूतपूर्व विश्वास अर्जित किया है। सत्ता में आने के बाद भाजपा की सरकार ने प्रदेश की विवाहित महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की और 10 मार्च, 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअल उपस्थिति में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत महिलाओं के बैंक खातों में राशि अंतरण का शुभारंभ हुआ। इस योजना में 70 लाख महिलाओं को प्रति माह एक-एक हजार रुपए की राशि खाते में जमा हो रही है। अब तक महतारी वंदन योजना की 22 किश्ते जारी कर दी गई है। पाण्डेय ने कहा कि 179 महतारी सदन के निर्माण के लिए 52 करोड़ 20 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। प्रदेश की मितानिनों को अब हर माह प्रोत्साहन राशि के ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था लागू की गई है। स्व-सहायता समूह के हित को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से छह जिलों में पायलेट प्रोजेक्ट के तहत रेडी टू ईट का काम महिला समूहों को सौंपा गया है। श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत देशभर में 25 लाख नए एलपीजी कनेक्शन स्वीकृत किए गए हैं। इसके अंतर्गत छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार” और “नियद नेल्ला नार योजना” के अंतर्गत 1.59 लाख पात्र माताओं-बहनों को उज्ज्वला योजना का लाभ प्राप्त होगा। छत्तीसगढ़ में वर्तमान में लगभग 38 लाख महिलाएँ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ प्राप्त कर रही हैं।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button